Summer express ,पानीपत। सिवाह स्थित बस स्टैंड के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी एसआई रोबिन के अनुसार, युवक की पहचान बिहार निवासी शिवम के रूप में हुई है। वह फिलहाल बरसत रोड पर किराये के मकान में रहता है और एक कपड़ा गोदाम में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, रविवार को उसे अपने गांव जाना था। गांव जाने से पहले वह दो दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर शिवम की अपने दोस्तों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोस्तों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इससे नाराज होकर शिवम शराब के नशे में सिवाह बस स्टैंड पहुंचा और बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की बिजली आपूर्ति बंद कराई, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।
पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक शिवम से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब 20 मिनट बाद वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस युवक से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और उसके दोस्तों के साथ हुए विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।