Summer express/चंबा,मंजूर पठान-:चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रकोप को लेकर अब ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश की पूर्व सरकार में नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार रहे ओपी शर्मा ने तीसा में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अक्षय शक्ति फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि तीसा के आसपास की चार से पांच पंचायतों में नशे का प्रकोप बढ़ना चिंता का विषय है। ऐसे में समय रहते ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशे के खिलाफ आने वाले समय में बड़े स्तर पर अभियान चलाने और गांव-गांव रैलियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी जताया।
तीसा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ओपी शर्मा ने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसका असर दिखाई देने लगा है। खासकर युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।मीडिया से बातचीत करते हुए ओपी शर्मा ने कहा कि अक्षय शक्ति फाउंडेशन के माध्यम से तीसा क्षेत्र में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की चार से पांच पंचायतों में नशे का प्रकोप बढ़ने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते ग्रामीण स्तर पर जागरूकता को प्राथमिकता देना जरूरी है।ओपी शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में नशे के खिलाफ अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में रैलियां आयोजित कर युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।