Summer express गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना मिलते ही निगम कार्यालय को खाली कराया गया। इसके साथ ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को मामले की जानकारी दी गई। सूचना के बाद पुलिस तथा बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी।
धमकी भरा ई-मेल सीधे गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजा गया था। बताया जा रहा है कि ई-मेल में कई स्थानों पर विस्फोट करने की धमकी के साथ आपत्तिजनक संदेश भी लिखे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश कहां से भेजा गया तथा इसके पीछे कौन है।
धमकी मिलने के बाद नगर निगम कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों, आसपास के क्षेत्र और संदिग्ध स्थानों की जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को इस तरह की धमकी पहले भी मिल चुकी है। जून 2026 में भी ई-मेल के जरिए निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी सेक्टर-34 स्थित कार्यालय को खाली कराया गया था और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली थी। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
गुरुग्राम में इससे पहले स्कूलों और अन्य सरकारी कार्यालयों को भी ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बार मिले ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए इसकी तकनीकी जांच कर रही हैं। फिलहाल कार्यालय परिसर की सुरक्षा जांच जारी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।