Summer express/शिमला /संजू -:कोटखाई में रसोई गैस की अनियमित सप्लाई को लेकर लोगों की परेशानी अब सियासी मुद्दा बन गई है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें, घंटों इंतजार और इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं का खाली हाथ लौटना—इन समस्याओं को लेकर भाजपा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा नेता चेतन बरागटा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कोटखाई एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग उठाई।
कोटखाई क्षेत्र की 27 पंचायतों में घरेलू गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार से मुलाकात कर गैस संकट से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।भाजपा नेता चेतन बरागटा ने दावा किया कि कोटखाई क्षेत्र में करीब 12 हजार घरेलू गैस कनेक्शन हैं, जबकि हर महीने लगभग 7 हजार सिलेंडरों की आवश्यकता पड़ती है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि क्षेत्र में गैस की कमी नहीं है, तो फिर लोगों को सिलेंडर के लिए घंटों कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?
चेतन बरागटा ने कहा कि करीब एक महीने पहले भी प्रशासन के समक्ष यह समस्या उठाई गई थी, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने गैस की मांग, आवंटन, परिवहन और वितरण व्यवस्था की जांच की मांग की, ताकि समस्या की वास्तविक वजह सामने आ सके।भाजपा ने प्रशासन को अब 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतन बरागटा ने चेतावनी दी कि अगर तय समय के भीतर गैस की नियमित सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता भूख हड़ताल शुरू करेंगे।फिलहाल, कोटखाई में गैस संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है और अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।