Summer express/किन्नौर-: रूपी वैली से पिओ जा रही एचआरटीसी की बस बुधवार को पोषपा के समीप ब्रेक फेल होने के कारण बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। बस में करीब 17 यात्री सवार थे। अचानक ब्रेक फेल होने के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को नियंत्रित कर लिया और उसे सड़क से नीचे सतलुज नदी में गिरने से बचा लिया।जानकारी के अनुसार एचआरटीसी बस रूपी के मझगांव से पिओ की ओर जा रही थी। पोषपा के पास एक मोड़ पर अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। यात्रियों के अनुसार सड़क के किनारे लगे पैरापिट के कारण बस नदी की ओर जाने से रुक गई। यदि यहां सुरक्षा दीवार नहीं होती तो बस सीधे सतलुज में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
यात्रियों हरदयाल, राजकुमार, बसंत राम, सेवेश, गोपी और चेत राम सहित अन्य ने बस की तकनीकी स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चालक ने रास्ते में बस की प्रेशर पाइप फटने की जानकारी दी थी, बावजूद इसके बस को आगे पिओ की ओर ले जाया गया। यात्रियों का कहना है कि उसी समय बस को रोककर तकनीकी खराबी दूर कर दी जाती तो ब्रेक फेल होने की नौबत नहीं आती।
पहले भी कई बार खराब हो चुकी है बस
यात्रियों के मुताबिक रूपी-पिओ रूट पर संचालित यह बस पहले भी करीब छह बार रास्ते में खराब हो चुकी है। यात्रियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार एचआरटीसी प्रबंधन से शिकायत कर बेहतर और सुरक्षित बस उपलब्ध करवाने की मांग की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से पूरे मामले की जांच करवाने तथा रूट पर बस भेजने से पहले उसकी तकनीकी जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।