Summer express/हमीरपुर, अरविंद–:राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 18 सितंबर को जिला हमीरपुर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में एक से 19 वर्ष तक की आयु के करीब 1 लाख 31 हजार बच्चों, किशोरों और नवयुवाओं को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान एक से पांच वर्ष तक की आयु के 27,419 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न टीकाकरण एवं प्रतिरक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य योजनाओं और अभियानों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को कृमिनाशक दवा उनकी उपस्थिति में ही खिलाई जाए। उन्होंने अभियान के दौरान शत-प्रतिशत बच्चों को कवर करने पर विशेष जोर दिया।अभिषेक गर्ग ने कहा कि बच्चों के पेट में कृमि होने से उनके शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और उनमें अनीमिया जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों और युवाओं को कृमिनाशक दवा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और आंखों की सुरक्षा के लिए विटामिन-ए भी महत्वपूर्ण है। अभियान में किसी कारण से छूट जाने वाले बच्चों को 25 सितंबर को दवा दी जाएगी।बैठक में सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिले में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की 1,947 यानी करीब 66 प्रतिशत लड़कियों को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। शेष पात्र लड़कियों के टीकाकरण के लिए स्कूल स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
एडीसी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग छोटे बच्चों को विभिन्न चरणों में 27 वैक्सीन की खुराकें निशुल्क उपलब्ध करवा रहा है, जो उन्हें 12 गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।