सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
शहर में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले शातिरों ने बग्गा ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर वारदात को अंजाम दिया। एक युवक दुकानदार को गहने दिखाने के बहाने बातचीत में उलझाता रहा और इसी दौरान काउंटर पर रखी छह सोने की चेनें चोरी कर लीं।
चोरी किए गए गहनों की कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी सामान्य ग्राहक की तरह दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार को इसकी भनक तब लगी, जब उसने बाद में गहनों का स्टॉक चेक किया। दुकान के मालिक सुखविंदर सिंह के अनुसार, रोजाना की तरह दुकान पर काम चल रहा था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया। उसने सोने के गहने देखने की इच्छा जताई और अलग-अलग डिजाइन दिखाने के लिए कहा। दुकानदार उसके लिए गहने निकालकर दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी बीच युवक ने मौका पाकर काउंटर पर रखी छह सोने की चेनें लिफाफे समेत अपने कब्जे में कर लीं और वहां से निकल गया। कुछ देर बाद जब दुकान संचालक ने काउंटर पर रखे गहनों और बॉक्स का मिलान किया तो छह चेनें गायब मिलीं। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में युवक की गतिविधियां दिखाई दीं, जिससे चोरी
का पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़क पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपित की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।