summer express , गुरुग्राम। एक हत्या का बदला लेने के लिए आरोपियों ने दोहरे हत्याकांड की साजिश रची थी। उनका निशाना बसई निवासी 39 वर्षीय महेंद्र और उसका बेटा था। हालांकि, हमलावर महेंद्र की हत्या करने में सफल रहे, लेकिन गोली का निशाना चूकने से उसका बेटा बच गया। गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर साजिश का पर्दाफाश किया है। वर्ष 2025 में हुई एक हत्या की रंजिश को वारदात की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
सुबह करीब 9:20 बजे महेंद्र अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर सदर बाजार जा रहा था। कृष्णा नगर के पास बसई रोड स्थित एनके फैक्ट्री के नजदीक पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। इनमें से एक ने महेंद्र पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महेंद्र के बेटे की शिकायत पर सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने हत्या, साजिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आगरा जिले के गांव बिप्रावली निवासी और वर्तमान में गुरुग्राम की देवीलाल कालोनी में रहने वाले प्रवीण पारासर के बेटे पर्व उर्फ बडी की वर्ष 2025 में हत्या हुई थी। पुलिस के अनुसार इस हत्या में महेंद्र का बेटा भी शामिल था। इसी रंजिश में प्रवीण और उसके बेटे पर्नव उर्फ छोटी ने महेंद्र और उसके बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, साजिश में प्रवीण और पर्नव ने देव शर्मा उर्फ केमटी, अंकित उर्फ बंटी और उत्सव को शामिल किया। आरोपियों को हथियार और रुपये उपलब्ध कराए गए तथा महेंद्र और उसके बेटे की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। मौका मिलते ही दोनों को निशाना बनाने की योजना थी। वारदात के दौरान महेंद्र को गोली मार दी गई, जबकि फायर मिस होने से उसका बेटा बच गया। पूछताछ में सामने आया है कि देव शर्मा ने महेंद्र पर गोली चलाई थी।
मामले में सेक्टर-10 अपराध शाखा ने गुरुवार को प्रवीण पारासर और उसके बेटे पर्नव पारासर उर्फ छोटी को गिरफ्तार किया। इसके बाद सेक्टर-40 अपराध शाखा की टीम ने शुक्रवार को देव शर्मा उर्फ केमटी, अंकित उर्फ बंटी और उत्सव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गढ़ी हरसरू के पास आरोपियों को घेरने की कोशिश की गई। पुलिस से बचने के लिए वे बाइक छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान गड्ढे में गिरने से देव शर्मा और अंकित की टांग में चोट आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। पुलिस अब वर्ष 2025 की हत्या और वर्तमान हत्याकांड के बीच पूरी कड़ी की जांच करने के साथ साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।