summer express, मंजूर पठान ,चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीसा लोक निर्माण विभाग मंडल में इस मानसून सीजन में भारी बारिश के कारण सड़कों और अन्य मार्गों को करीब 46 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग ने नुकसान का आकलन कर इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। राहत की बात यह है कि विभाग ने सभी प्रभावित मार्गों को बहाल कर दिया है और वर्तमान में मंडल में कोई भी सड़क बंद नहीं है।
तीसा मंडल के अधिशासी अभियंता जोगिंदर कुमार ने बताया कि लगातार हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों को नुकसान पहुंचा और मार्ग भी अवरुद्ध हुए। विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी बंद मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। हालांकि, बारिश के कारण सड़कों को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए करीब 46 करोड़ रुपये की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। सरकार की ओर से बजट का प्रावधान होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग इन कार्यों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से करवाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मानसून के दौरान सड़कों को हुए नुकसान के बावजूद विभाग ने मार्गों को जल्द बहाल करने के लिए लगातार काम किया। फिलहाल तीसा मंडल के सभी सड़क मार्ग खुले हैं, जिससे लोगों और वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है।
अधिशासी अभियंता जोगिंदर कुमार ने कहा कि बजट उपलब्ध होने के बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि प्रभावित सड़कों को जल्द से जल्द बेहतर स्थिति में लाया जाए।