सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
बिलॉन्गी क्षेत्र स्थित रुतबा क्लब एंड लॉज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। क्लब में नियमों के विपरीत शराब परोसे जाने की शिकायतों और इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद एक्साइज विभाग हरकत में आया। बीती रात एक्साइज विभाग की टीम ने बिलॉन्गी थाना पुलिस के साथ क्लब में दबिश देकर शराब से संबंधित गतिविधियों की जांच की। इस कार्रवाई के बाद क्लब संचालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, टीम ने क्लब में मौजूद शराब, उससे संबंधित दस्तावेज, लाइसेंस और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शराब से जुड़े प्रावधानों के तहत एक्साइज एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुराने विवादों की भी खुल सकती है फाइल
रुतबा क्लब एंड लॉज पहले भी अलग-अलग विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। ताजा एक्साइज कार्रवाई के बाद क्लब से जुड़े पुराने पुलिस रिकॉर्ड और मामलों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यदि पुराने मामलों की जांच आगे बढ़ती है तो क्लब के खिलाफ पहले हुई कार्रवाई और दर्ज मामलों की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
शराब के स्टॉक से लेकर बिलिंग रिकॉर्ड तक जांच के घेरे में
एक्साइज विभाग की कार्रवाई के बाद अब क्लब के शराब लाइसेंस, स्टॉक, खरीद-बिक्री के दस्तावेज, बिलिंग रिकॉर्ड और लाइसेंस की शर्तों की जांच अहम मानी जा रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि क्लब में शराब से जुड़े नियमों के उल्लंघन की शिकायतें पहले से थीं तो संबंधित विभागों की ओर से समय रहते जांच क्यों नहीं की गई। अब देखना होगा कि एक्साइज विभाग की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्लब संचालकों के खिलाफ दर्ज मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
क्लब में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रकाशित हुई थी खबर
रुतबा क्लब में कथित तौर पर वैध लाइसेंस और उसकी शर्तों को लेकर सवाल उठ रहे थे। मामला सामने आने और खबर प्रकाशित होने के बाद एक्साइज विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने क्लब में शराब परोसने की प्रक्रिया और इससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की। अब जांच का अहम बिंदु यह है कि क्लब के पास शराब परोसने के लिए किस श्रेणी का लाइसेंस था और क्या उसके नियमों व शर्तों का पालन किया जा रहा था।