summer express, सोनीपत। राई थाना क्षेत्र के सेवली गांव में शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने दोस्त अनुज गुप्ता के साथ मारपीट कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने से अनुज की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक अनुज गुप्ता मूल रूप से बिहार के भागलपुर का रहने वाला था और सेवली गांव में किराये के मकान में रह रहा था। वह एक फैक्टरी में जींस पर रंग करने का काम करता था। बताया गया है कि घटना के समय अनुज अपने एक दोस्त के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोस्त ने अनुज की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एफएसएल और क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
एसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
अनुज चार बच्चों का पिता था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।