summer express,आदमपुर। हिसार के आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में युवक रजनीश की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव के ही जयराम और अक्षय जाजूदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
आदमपुर थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि मामले में मृतक के भाई गौतम की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक, रजनीश और उसके भाई विष्णु की गांव के जयराम और अक्षय जाजूदा के साथ काफी समय से रंजिश चल रही थी। रात गौतम अपने भाई रजनीश के साथ मोटरसाइकिल पर मंडी आदमपुर से दूध लेकर खारा बरवाला स्थित अपने घर लौट रहा था। मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण दोनों पंवार फिलिंग स्टेशन के पास रुक गए।
इसी दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रजनीश और उसके भाई पर तेजधार हथियारों तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य विश्वसनीय माध्यमों की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर जयराम और अक्षय जाजूदा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अक्षय जाजूदा के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, मृतक रजनीश के खिलाफ भी लड़ाई-झगड़े और चोरी से संबंधित छह आपराधिक मामले दर्ज थे और पुलिस रिकॉर्ड में वह हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और आपसी रंजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस हत्या में इस्तेमाल तेजधार हथियार और अन्य सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच करेगी।