Summer express/कांगड़ा,राहुल-:कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के सामान से जिंदा कारतूस बरामद होने का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर तलाशी के दौरान इजरायली नागरिक के बैग से एक जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।मामला 15 सितंबर का है। पुलिस के मुताबिक, कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुरक्षा स्क्रीनिंग के दौरान एक विदेशी नागरिक के सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और आरोपी को हिरासत में लिया गया।
SpiceJet की फ्लाइट से यात्रा करने वाला था विदेशी नागरिक, सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ा गया
पुलिस ने आरोपी की पहचान योनातन लेवी, उम्र 24 वर्ष, इजरायली नागरिक के रूप में की है। वह कांगड़ा एयरपोर्ट से SpiceJet की उड़ान से यात्रा करने वाला था। सुरक्षा जांच के दौरान कारतूस मिलने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।पुलिस थाना गग्गल में इस संबंध में FIR नंबर 113/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25(1)(A), आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद जिंदा कारतूस उसके पास कहां से आया और वह उसके सामान में कैसे पहुंचा। मामले में पुलिस की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।