summer express , झज्जर। दादरी रोड स्थित भारत सौर ऊर्जा केंद्र की तीन मंजिला इमारत में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया गया है कि भारत सौर ऊर्जा केंद्र की अभी ओपनिंग नहीं हुई थी। इमारत के अंदर सोलर और बैटरी से संबंधित सामान रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से कुछ सामान जल गया। घटना के समय इमारत के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर सौर ऊर्जा केंद्र, फर्स्ट फ्लोर पर होटल और सेकंड फ्लोर पर रेस्ट रूम तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान इमारत के अंदर आग फैल गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी प्रमोद ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।