Dharamshala, Rahul-जिला कांगड़ा के बैजनाथ क्षेत्र में पारिवारिक भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पिता पर दराट से हमला कर दिया। घटना बैजनाथ स्थित मिनी सचिवालय के बाहर घटी, जहां पीड़ित लेख राज अपनी कार में बैठे हुए थे।
बताया जा रहा है कि आरोपियों विनोद कुमार (पीड़ित का बेटा) और उसके साथी पवन ने अचानक लेख राज पर दराट से हमला कर दिया। हमले में लेख राज गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी कार को भी क्षति पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर घायल को बचाया और उन्हें पालमपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हमले के बाद मौके से फरार हो गए थे, लेकिन बैजनाथ पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला पारिवारिक भूमि विवाद के चलते हुआ है। पीड़ित के बयान के आधार पर बैजनाथ पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।