16 July, 2025
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 से पहले अभ्यास मैचों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस बार विश्व कप की तैयारियों के तहत सभी 8 क्वालीफाई करने वाली टीमें अभ्यास मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलूर में दो अहम अभ्यास मैच खेलेगी।
अभ्यास मैच 25 सितंबर से शुरू होंगे। शुरुआती दिन ही 2017 के फाइनलिस्ट भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि न्यूजीलैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा।
इस बार अभ्यास मुकाबले चार अलग-अलग स्थलों पर होंगे —
- बेंगलूर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड
- चेन्नई स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम
- कोलंबो का आर. प्रेमदासा स्टेडियम
- कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड
प्रत्येक टीम को दो अभ्यास मैच खेलने का मौका मिलेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक मुकाबला खेलेगा। इसके अलावा भारत ए और श्रीलंका ए टीमें भी अभ्यास मैचों में हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत ए एक और श्रीलंका ए दो मैच खेलेगी।
कोलंबो में श्रीलंका की टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि बांग्लादेश का सामना श्रीलंका ए से होगा। अभ्यास मैचों का यह दौर मुख्य टूर्नामेंट से पहले सभी टीमों के लिए तैयारियों का बेहतरीन मौका साबित होगा।