summer express , नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में गांधी जयंती के चलते शुक्रवार, 2 अक्टूबर को कारोबार नहीं होगा। इसके बाद शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश रहेगा। ऐसे में BSE और NSE में लगातार तीन दिन ट्रेडिंग बंद रहेगी और बाजार अब सोमवार, 5 अक्टूबर को खुलेगा।
महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मनाई जाती है। इसी वजह से इस दिन भारतीय शेयर बाजार में भी कारोबार बंद रहेगा। निवेशकों के लिए इक्विटी, डेरिवेटिव्स समेत बाजार से जुड़े सभी प्रमुख सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी।
2026 में शेयर बाजार की अन्य प्रमुख छुट्टियों की बात करें तो दशहरा के कारण 20 अक्टूबर को बाजार बंद रहेगा। इसके बाद 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा।
इससे पहले बुधवार, 1 अक्टूबर को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 6 में तेजी, जबकि 24 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इन्फोसिस में 4.02 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि मारुति के शेयर में 4.59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इसी तरह निफ्टी भी 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत टूटकर 22,421.95 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में 13 शेयर बढ़त के साथ और 37 शेयर गिरावट में बंद हुए।