summer express , सुन्दर कुंडू ,पलवल। हरियाणा के पलवल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने डायल-112 की गाड़ी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शिकायतकर्ता की स्कूटी छोड़ने के बदले उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद सौदा 9 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाकर एक कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते पकड़ लिया, जबकि पूछताछ के बाद दूसरे पुलिसकर्मी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 28 सितंबर को उसका अपने परिजनों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से चला गया। परिजनों ने मामले की सूचना डायल-112 पर दी थी। बाद में शिकायतकर्ता अपने दोस्त की एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान डायल-112 की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह घबरा गया और स्कूटी लेकर वहां से निकल गया। रास्ते में स्कूटी का टायर पंचर होने पर वह उसे सड़क किनारे छोड़कर वहां से चला गया।
इसके बाद 30 सितंबर को डायल-112 पर तैनात कॉन्स्टेबल दीपक ने शिकायतकर्ता को फोन कर बुलाया। वहां उसकी मुलाकात दीपक और कॉन्स्टेबल हरीश से हुई। दोनों ने शिकायतकर्ता को बताया कि स्कूटी उनके कब्जे में है। आरोप है कि स्कूटी वापस करने के एवज में दोनों ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद 9 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एसीबी को दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। टीम ने पलवल में वंदेमातरम स्कूल के पीछे निर्माणाधीन स्कूल के पास कॉन्स्टेबल हरीश को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, हरीश के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
एसीबी ने हरीश से पूछताछ के बाद ड्यूटी पर तैनात दूसरे कॉन्स्टेबल दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।