पूर्व मेयर ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, बोले- विज्ञापनों तक सीमित है विकास; ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की उठाई मांग
गुरशरण सिंह / सुरिंदर सिंह अंकुश
समर न्यूज | मोहाली
मोहाली नगर निगम के पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने गांव गोबिंदगढ़ से ढेलपुर की ओर जाने वाली करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क की खराब हालत को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास केवल विज्ञापनों में दिखाई दे रहा है, जबकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
गांव का दौरा करने पहुंचे सिद्धू ने दावा किया कि इस सड़क के निर्माण का नींव पत्थर 20 जनवरी 2026 को रखा गया था। इसके बाद सड़क पर पत्थर तो डाल दिए गए, लेकिन निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा। उनका कहना है कि सड़क पर बड़े और नुकीले पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
सिद्धू ने सवाल किया कि यदि सड़क का निर्माण पूरा ही नहीं करना था तो नींव पत्थर रखने का क्या औचित्य था। उन्होंने कहा कि लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान सरकार की जिम्मेदारी है और स्थानीय विधायक को मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य शुरू करवाना चाहिए।
ग्रामीणों ने भी सड़क की हालत पर नाराजगी जताई।
उनके मुताबिक गोबिंदगढ़ से ढेलपुर जाने वाली इसी सड़क के अंतिम हिस्से में गुरुद्वारा सिंह शहीदां स्थित है, जहां धार्मिक अवसरों पर बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है। खराब सड़क के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी होती है।
ग्रामीणों का दावा है कि सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थरों के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। उन्होंने सरकार से बिना किसी और देरी के सड़क का निर्माण पूरा करवाने की मांग की।