summer express,अमृतसर। अमृतसर के चर्चित मेकअप आर्टिस्ट और इंटरनेट मीडिया इंफ्लूएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की हत्या की जांच में पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। शनिवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है और अब तक 37 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है।
इसी बीच हत्याकांड से जुड़ा एक अहम खुलासा सामने आया है। परिवार के करीबी के मुताबिक मैड संधू की अभिनेता सलमान खान के टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में एंट्री होने वाली थी। शो में शामिल होने के लिए उसका पेपरवर्क भी पूरा हो चुका था और उसे 29 अक्टूबर को मुंबई पहुंचना था। इससे पहले ही शनिवार को उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या की जांच को आगे बढ़ाते हुए रविवार दोपहर पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल पुलिस टीम के साथ लोहरका रोड स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। यहां पुलिस ने क्राइम सीन रीक्रिएट कर वारदात की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे 37 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की है। पुलिस को आशंका है कि हत्या में शामिल आरोपी कंबो और आसपास के क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मैड संधू के परिवार और करीबी लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।
इस मामले में थाना कैंटोनमेंट पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रविवार दोपहर सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शाम को गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास स्थित श्मशानघाट में मैड संधू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ ड्रीम सिटी कॉलोनी में रहता था।