summer express ,फरीदाबाद। फरीदाबाद में पुलिस ने पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बड़ी खेप बरामद की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी स्थित एक कमरे से करीब 2496 किलो रसायन बरामद किए हैं। इनमें करीब 200 किलो गंधक और 2296 किलो पोटेशियम नाइट्रेट शामिल है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को सूचना मिली थी कि मुकेश कॉलोनी में एक कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखा बनाने की सामग्री रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कॉलोनी निवासी पुनीत के रूप में हुई है।
पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को उस कमरे तक लेकर गई, जहां सामग्री रखे जाने की जानकारी मिली थी। तलाशी के दौरान कमरे से करीब 200 किलो गंधक और 2296 किलो पोटेशियम नाइट्रेट बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि इन रसायनों का इस्तेमाल पटाखा बनाने में किया जाता है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह सामग्री उत्तर प्रदेश के हाथरस से लेकर आया था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री किस उद्देश्य से मंगाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड फिलहाल सामने नहीं आया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखा निर्माण सामग्री के भंडारण को पुलिस जांच का अहम बिंदु मान रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सामग्री को वहां कितने समय से रखा गया था और इसे रखने के लिए किसी तरह की अनुमति ली गई थी या नहीं।
गौरतलब है कि फरीदाबाद में इससे पहले भी बड़ी मात्रा में पटाखा और विस्फोटक सामग्री बरामद की जा चुकी है। पिछले साल नवंबर में धौज और फतेहपुर तगा इलाके से करीब 2923 किलो सामग्री बरामद हुई थी। उस मामले को लेकर पुलिस ने कथित तौर पर एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था। अब मुकेश कॉलोनी से हुई इस बरामदगी के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।