Summer express/शिमला, संजू -: लॉन्ग वीकेंड के दौरान राजधानी शिमला में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली। 2 से 4 अक्टूबर तक महज तीन दिनों में शोघी बैरियर से करीब 70 हजार वाहन शिमला पहुंचे। इनमें लगभग 60 फीसदी वाहन बाहरी राज्यों के रहे। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा और लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा।आंकड़ों के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में लॉन्ग वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले वाहनों की संख्या दोगुने से भी अधिक रही। अकेले शनिवार को करीब 25 हजार वाहन शोघी बैरियर से शिमला की ओर आए। तीन दिनों में वाहनों की इतनी बड़ी संख्या ने शहर में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को साफ तौर पर दिखाया।
अक्टूबर की शुरुआत में ही पर्यटकों की भारी आमद से शिमला की सड़कें वाहनों से पैक नजर आईं। शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। आने वाले दिनों में भी पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में वाहनों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।इससे शिमला के होटल, रेस्तरां, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। लॉन्ग वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन कारोबार को अच्छा बूस्ट मिला है। शिमला ही नहीं, प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है।
ASP सिटी शिमला मेहर पंवर ने कहा कि शहर में टारिंग के कार्य के चलते भी ट्रैफिक का दबाव अधिक देखने को मिला। उन्होंने कहा कि शिमला पुलिस की प्राथमिकता ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। लोगों से अपील है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें। आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए शिमला पुलिस पूरी तरह तैयार है।