खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए जल्द होगा सम्मान समारोह का आयोजन
Summer express/शिमला-: 20वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को राज्य सरकार एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को इन खिलाड़ियों से भेंट के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और हिमाचली टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही खिलाड़ियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित करेगी, जहां उन्हें घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी दिया जाएगा। पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक खिलाड़ियों को वहां अवसर प्रदान किया जाएगा, जबकि पुलिस सेवा में रुचि नहीं रखने वाली खिलाड़ियों को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। इससे वे प्रदेश में खेलों के विकास और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ अपने खेल करियर को भी जारी रख सकेंगी। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति में संशोधन कर खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। साथ ही, राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी उल्लेखनीय खेल उपलब्धियों के लिए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान भी उपस्थित रहे।