जींद | आम आदमी पार्टी की हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष और बालाजी अस्पताल की प्रोपराइटर डॉ. रजनीश जैन ठगी का शिकार हो गई हैं। दिल्ली और गुरुग्राम की दो अलग-अलग कंपनियों ने हेल्थकेयर बिजनेस और डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर उनसे करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी की। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. जैन ने शिकायत में बताया कि गुरुग्राम की टेस्ला पावर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक पूजा शर्मा और सीईओ सुभाष आर्य ने उन्हें वाटर प्यूरीफायर सिस्टम का मास्टर डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा दिया। दिसंबर 2022 में इकरारनामा साइन किया गया और उन्होंने 25 लाख रुपये का सामान खरीदा। लेकिन कंपनी ने व्यापार में कोई सहयोग नहीं किया, और खराब माल की शिकायतें मिलने लगीं। कंपनी ने माल वापस लेने या भुगतान लौटाने से इनकार कर दिया।
दूसरे मामले में, दिल्ली की टास्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सौरभ मिश्रा व अन्य ने हेल्थकेयर स्टोर खोलने और पार्टनरशिप का ऑफर दिया। डॉ. जैन ने करीब 31 लाख रुपये दुकान पर खर्च किए और फ्रैंचाइजी फीस के रूप में करीब 6 लाख रुपये जमा करवाए। लेकिन स्टोर खोलने के बाद कंपनी ने किसी भी स्टाफ को तैनात नहीं किया और कुछ महीने बाद बिना सूचना के ताला लगाकर फरार हो गई।
डॉ. जैन के अनुसार इन दोनों मामलों में उन्हें लगभग 1 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल जींद पुलिस मामले की जांच कर रही है।