Summer express, पंचकूला। साइबर ठगों ने बचपन का दोस्त बनकर सेक्टर-25 निवासी 76 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी से 2.30 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित पशु चिकित्सा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। आरोपियों ने पहले खाते में 7.50 लाख रुपये भेजने का झांसा दिया और फिर एक व्यक्ति के पिता को हार्ट अटैक आने की बात कहकर इलाज के लिए पैसों की जरूरत बताई। उनकी बातों में आकर बुजुर्ग ने तीन बार में 2.30 लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित के व्हाट्सऐप पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका बचपन का दोस्त डॉ. बलजीत बताया। उसने कहा कि वह उनके बैंक खाते में 7.50 लाख रुपये भेज रहा है। इसके बाद आरोपी ने रकम ट्रांसफर होने के संबंध में एक फर्जी रसीद भी भेज दी।
कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने संपर्क किया और खुद को डॉ. बलजीत का रिश्तेदार लवप्रीत बताया। उसने दावा किया कि उसके पिता को हार्ट अटैक आया है और उनके इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। आरोपियों ने इस बहाने पीड़ित से आर्थिक मदद मांगी।
दोस्त और उसके रिश्तेदार की बातों पर भरोसा करके बुजुर्ग ने तीन अलग-अलग लेनदेन में कुल 2.30 लाख रुपये बताए गए बैंक खाते में भेज दिए। इसके बाद जब आरोपियों ने दोबारा पैसों की मांग की तो पीड़ित को संदेह हुआ। उन्होंने अपने वास्तविक दोस्त से संपर्क कर मामले की जानकारी ली, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर भेजे गए संदेश भी डिलीट कर दिए। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।