Summer express/ऊना /राकेश-: ऊना जिले की ग्राम पंचायत सिंगां में आबादी के नजदीक क्रशर स्थापित किए जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने क्रशर के संचालन से पर्यावरण और जनजीवन पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई है।इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों और गांववासियों ने जिला उपायुक्त ऊना को शिकायत पत्र सौंपकर क्रशर लगाने के कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के वार्ड नंबर 5 और 6 के समीप क्रशर स्थापित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि क्रशर लगाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि क्रशर से निकलने वाली धूल, शोर और अन्य गतिविधियों से पर्यावरण के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और जनजीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच करवाने और सभी आवश्यक दस्तावेजों व अनुमतियों की पुष्टि करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आबादी के नजदीक क्रशर लगाने से ग्रामीणों को परेशानी होने की आशंका है, इसलिए प्रशासन को समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए।इस शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक ऊना, एसडीएम हरोली, डीएसपी हरोली, खनन अधिकारी ऊना, एसएचओ टाहलीवाल और बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।