Summer express, छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिडको के एन-7 क्षेत्र में बजरंग चौक के पास गुरुवार को एक कार सवार ने स्कूटर से जा रहे युवक को पहले टक्कर मारी और फिर हॉकी स्टिक व लोहे की रॉड से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान देवेश उर्फ बंटी दीक्षित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देवेश जिम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पवन पाराशर नामक आरोपी ने अपनी कार से उनके स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवेश सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से उनके सिर और चेहरे पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनकी जान चली गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन पाराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी की कार और हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया भी जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में देवेश और आरोपी पवन पाराशर के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा।