Summer express, अनुज पंचाल, गुरुग्राम। गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। यहां मामूली कहासुनी के बाद कार सवार एक परिवार के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में नाराजगी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार और टोल कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक टोल कर्मचारी ने लोहे के बूम बैरियर से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य कार में सवार महिला ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की निंदा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और प्रशासन को टैग कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा पर इस तरह का व्यवहार यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है।
मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम बिजवासन टोल प्लाजा पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही टोल अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।