Summer express,महेंद्रगढ़। कनीना क्षेत्र के गांव ढाणा में खेतों के बीच बने रास्ते को लेकर हुए विवाद में 68 वर्षीय राजपाल की मौत हो गई। आरोप है कि रास्ते को लेकर हुए विवाद के दौरान पांच लोगों ने उनके साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और घर पहुंचने पर मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे अजय कुमार की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी और गांव के गूगन की जमीन साझे में थी। गूगन ने अपने हिस्से की जमीन गुरुग्राम की एक पार्टी को बेच दिया था। फिलहाल इस जमीन पर भीम सिंह माल बटाई के आधार पर खेती कर रहा है। अजय के अनुसार, खेतों तक आने-जाने के लिए आपसी सहमति से 11 फीट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया था। आरोप है कि भीम सिंह इस रास्ते पर कब्जा कर उसे संकरा करने की कोशिश कर रहा था। इसे लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 7:30 बजे भीम सिंह, उसका बेटा संदीप, महेंद्र, महेंद्र का बेटा मोहित और गांव का मेसर रास्ते के पास पहुंचे। वहां उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और ट्यूबवेल पर रहने वाले आवारा कुत्ते को बांधकर रखने की बात कही। इस पर राजपाल, उनका बेटा अजय और अजय की पत्नी अनिता भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
अजय ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने पर पांचों लोगों ने राजपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बुजुर्ग को लात-घूंसों और मुक्कों से पीटा। शोर सुनकर खेत में काम कर रहे ग्रामीण रामौतार और झमन भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
परिजन राजपाल को घर ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना कनीना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल और शव का निरीक्षण करवाया। मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर भीम सिंह, संदीप, महेंद्र, मोहित और मेसर के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।