21 July, 2025
भारतीय ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के चलते इंग्लैंड दौरे से बाहर हो सकते हैं। एएनआई के मुताबिक, उन्हें रविवार को जिम में ट्रेनिंग के दौरान चोट लग गई, जिससे वह आगे के मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
भारत को इससे पहले भी झटका लग चुका है, जब तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह और आकाशदीप चोटिल हो गए। दोनों खिलाड़ियों के 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट में न खेलने की आशंका है। इसी को देखते हुए चयनकर्ताओं ने हरियाणा के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया है।नितीश रेड्डी ने सीरीज़ के दूसरे और तीसरे टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। बर्मिंघम में उनका प्रदर्शन औसत रहा, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों बेन डकेट और जैक क्रॉली को एक ही ओवर में आउट कर भारत को बढ़त दिलाने में योगदान दिया था। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से भी उपयोगी रन जोड़े थे।
अर्शदीप और आकाशदीप भी चौथे टेस्ट से बाहर होने के कगार पर
दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह को बेकेनहैम में नेट सेशन के दौरान अपने गेंदबाज़ी हाथ में चोट लग गई, जबकि आकाशदीप कमर की चोट से परेशान हैं। बर्मिंघम टेस्ट में 10 विकेट लेकर भारत को जीत दिलाने वाले आकाशदीप की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका होगी।
भारत ने अब तक सभी तीन टेस्ट मैचों में एक तेज़ गेंदबाज़ ऑलराउंडर को टीम में शामिल किया है। पहले टेस्ट में खेलने वाले शार्दुल ठाकुर को रेड्डी ने दूसरे मैच से रिप्लेस किया था। यदि रेड्डी फिट नहीं हो पाते, तो ठाकुर की टीम में वापसी की पूरी संभावना है।
इंग्लैंड फिलहाल पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे है। चौथा टेस्ट मैच भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है, लेकिन चोटिल खिलाड़ियों की वजह से टीम चयन में बड़ी चुनौतियाँ सामने आ सकती हैं।