पंजाब | पंजाब और हिमाचल में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने पंजाब में 24 जुलाई तक तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। उधर हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते पंडोह डैम के गेट खोल दिए गए, जिससे ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
ब्यास के जलस्तर में इजाफे के बाद पंजाब प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को नदियों के किनारे जाने से मना किया है। रूपनगर और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।
इसी के साथ बिलासपुर स्थित कोलडैम से भी पानी छोड़े जाने का अलर्ट जारी किया गया है, जिसका सीधा असर पंजाब के कई जिलों पर पड़ेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सतलुज और ब्यास के किनारे रहने वाले लोग सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में दरिया के करीब न जाएं।
मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण हालात गंभीर होने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है।