लुधियाना | कांग्रेस नेता और सांसद पप्पू यादव रविवार को पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार भारत भूषण आशु के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने जवाहर नगर, न्यू किदवई पुरी और प्रकाश कॉलोनी समेत कई इलाकों में जनसंपर्क कर कांग्रेस के लिए वोट मांगे।
इस दौरान पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए झूठे वादों और कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनता को आगाह किया। उन्होंने कहा कि आशु के पूर्व विधायक और मंत्री रहते हुए इस क्षेत्र में जो विकास कार्य हुए, वे आज भी यहां की जनता के सामने गवाही देते हैं।
“कांग्रेस शासन का विकास, अब विपक्ष अपना बता रहा”
पप्पू यादव ने कहा कि पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र की जनता को बताने की जरूरत नहीं है कि विकास किसने किया। “कांग्रेस शासन में हुए कार्यों को आज सत्तापक्ष के नेता अपनी मुहर लगाकर दिखा रहे हैं,” उन्होंने तंज कसा। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की जीत इस क्षेत्र में “झूठ की राजनीति” को समाप्त करेगी।
कांग्रेस के दिग्गजों ने मिलाया कंधा से कंधा
विधानसभा क्षेत्र में भारत भूषण आशु के समर्थन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी सक्रियता दिखाई।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद मोहम्मद सदीक, पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला, विधायक राणा गुरजीत सिंह, प्रगट सिंह, लाडी शेरोवालिया, सुखविंदर सिंह कोटली, पूर्व विधायक अंगद सैनी, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ममता दत्ता, ईश्वरजोत चीमा, प्रवीण कोहली, हरजस सिंह नानक, पंकज काका समेत अन्य नेताओं ने क्षेत्र में डोर-टू-डोर प्रचार और रैलियों को संबोधित किया।
“पश्चिमी लुधियाना से बदलाव की शुरुआत होगी” – आशु
भारत भूषण आशु ने प्रचार के दौरान कहा कि पश्चिमी विधानसभा से कांग्रेस की जीत राज्य में नई दिशा और दशा तय करेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता सरकारी तानाशाही का करारा जवाब देगी और कांग्रेस शासन के दौरान हुए कार्यों को याद करते हुए कांग्रेस को समर्थन देगी।