Shimla— हिमाचल प्रदेश में बीते दिन हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मौसम फिर करवट ले सकता है और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खासकर 20 जून के बाद तापमान में और गिरावट का अनुमान है। इसके अलावा, इस बार मानसून की दस्तक सामान्य तिथि से पहले हो सकती है।
20 से 22 जून तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि इस समय प्रदेश के निचले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि मध्यवर्ती क्षेत्रों में 25 से 32 डिग्री और ऊपरी पहाड़ी इलाकों में 21 से 27 डिग्री दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, कांगड़ा और मंडी जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
इस दौरान 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा हुई, जिसमें कांगड़ा में सबसे अधिक 34 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 20 से 22 जून के बीच कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और येलो अलर्ट लागू किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार प्रदेश में मानसून की आमद सामान्य तिथि 25 जून से पहले हो सकती है, क्योंकि मौसम की परिस्थितियां इसके अनुकूल बनी हुई हैं।