त्रिशूर | जिले के चालाकुडी स्थित नॉर्थ जंक्शन पर सोमवार सुबह एक पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसा करीब 8:30 बजे हुआ, जब दुकान में मौजूद थिनर और अन्य ज्वलनशील रसायनों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। देखते ही देखते दुकान आग की लपटों में घिर गई और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही त्रिशूर, चालाकुडी, उत्तरी पारवूर, अंगमाली, माला, पुथुक्कड़ और इरिनजालाकुडा सहित विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
आग को फैलने से रोकने में स्थानीय निवासियों ने भी अहम भूमिका निभाई। ऑटोरिक्शा चालकों और मजदूरों की मदद से पास की दुकानों से सामान हटाया गया और एक स्टोरेज यूनिट से एलपीजी सिलेंडर बाहर निकाल दिए गए, जिससे एक बड़ा विस्फोट टल गया।
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दुकान में रखे माल के जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।