जालंधर | नगर निगम जालंधर के ग्रेड-4 अस्थायी कर्मचारियों—जिनमें 58 फिटर कुली, 6 राजमिस्त्री और 15 जेसीबी ऑपरेटर शामिल हैं—ने अपनी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वह बीते 12 से 15 वर्षों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि निगम प्रशासन उनकी दीर्घकालिक सेवा की उपेक्षा कर रहा है। यूनियनों द्वारा कई बार खाली पदों को भरने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि आगामी बजट में इन पदों को नियमित किया जाए ताकि जल आपूर्ति और सफाई जैसी आवश्यक सेवाओं पर असर न पड़े।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया, तो वे 18 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हड़ताल के कारण यदि शहर में असुविधा होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।