जालंधर | अब गुरदासपुर और आसपास के क्षेत्रवासियों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जालंधर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने गुरदासपुर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में मोबाइल पासपोर्ट सेवा वैन तैनात की है, जिससे स्थानीय लोग आसानी से पासपोर्ट आवेदन जमा कर सकें।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशपाल ने जानकारी दी कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया में राहत देना है। अब लोगों को जालंधर या अन्य बड़े शहरों की यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन भरकर अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं और वैन के माध्यम से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
यशपाल ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लगातार नए निर्णय ले रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में और भी जनहितैषी कदम उठाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग पासपोर्ट सेवाओं का लाभ ले सकें।
पासपोर्ट अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जालंधर RPO कार्यालय में नागरिक बिना अपॉइंटमेंट के भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, और पहले भी कई मामलों का समाधान सफलतापूर्वक किया जा चुका है।