पटना | आम आदमी पार्टी (AAP) ने बिहार की सियासत में कदम रखने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि AAP इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी। वह पटना में संवाददाताओं से बात कर रहे थे, जहां वह राजग सरकार के खिलाफ AAP द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।
“बिहार में चुनाव लड़ेंगे, सीटों पर फैसला जल्द होगा” – संजय सिंह
संजय सिंह ने चुनाव लड़ने की योजना पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “हां, हम बिहार में चुनाव लड़ेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि किन सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी, इसका निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जल्द ही लिया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली में भाजपा सरकार बिहार और पूर्वांचल के लोगों के साथ पराया व्यवहार कर रही है। उन्हें बेघर किया जा रहा है, झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं। ऐसे में अब बिहार के लोगों को फैसला लेना होगा कि उन्हें कैसा शासन चाहिए।”
“दिल्ली में धोखा, बिहार में भरोसा—यह दोहरापन नहीं चलेगा”
राज्यसभा सांसद ने दिल्ली में पूर्वांचलियों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार को लेकर भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब हम दिल्ली की सत्ता में थे, तब भाजपा बिहार और पूर्वांचल के लोगों से पक्के मकानों का वादा कर वोट मांगती थी। लेकिन चुनाव आते ही उन्हें बांग्लादेशी और घुसपैठिया बताया गया।”
संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद में भी मजबूती से उठाया था और अब पटना में यह संदेश देने आए हैं कि “दिल्ली में विश्वासघात और बिहार में सद्भावना एक साथ नहीं चल सकती।”
नीतीश और बीजेपी नेताओं से की अपील
संजय सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा नेताओं से अपील की कि वे दिल्ली में प्रवासी बिहारी समुदाय के साथ हो रहे कथित भेदभाव के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि बिहार के लोग भाजपा को सत्ता से बाहर करें और एक नई राजनीतिक विकल्प को मौका दें।”