चंडीगढ़ | हरियाणा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के प्रमाण पत्रों का वितरण 19 जून, बुधवार से शुरू किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी कि सभी स्कूलों, गुरुकुलों और विद्यापीठों के विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड और माइग्रेशन सर्टिफिकेट संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के कार्यालयों को भेजे जा रहे हैं।
दस्तावेज़ प्राप्त करने की तिथियां और समय:
- 19 जून: सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक
- 20 जून: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक
स्कूल प्रमुख या उनके द्वारा अधिकृत शिक्षक/प्राध्यापक इन निर्धारित समयों में अपने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से दस्तावेज़ प्राप्त कर सकते हैं। प्रमाण पत्र लेने के लिए अधिकृत व्यक्ति को प्राधिकरण पत्र (Authorisation Letter) लाना अनिवार्य होगा।
यदि कोई विद्यालय उपरोक्त दोनों तिथियों में प्रमाण पत्र नहीं ले पाता है, तो वह 20 जून के बाद भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय से प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकता है। भिवानी जिले के स्कूलों के लिए प्रमाण पत्र कमरा नंबर 98 से वितरित किए जाएंगे। वहीं, प्राइवेट परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र उनके पते पर पंजीकृत डाक (Registered Post) के माध्यम से भेजे जाएंगे।