चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है और प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से प्रदेश में प्री-मानसूनी हवाएं सक्रिय हो जाएंगी, जिससे उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। विभाग ने आज के लिए उत्तर-पूर्वी हरियाणा में 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई है, साथ ही तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में यलो अलर्ट जारी किया है।
कल इन जिलों में होगी बारिश
- अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 75% से 100% तक बारिश की संभावना है।
- सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात और गुरुग्राम में 25% तक बारिश होने के आसार हैं।
- वहीं, पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में 25% से 50% तक बारिश दर्ज की जा सकती है।
कुछ जिलों में जलभराव और नुकसान
मंगलवार को प्रदेश के 14 जिलों में बारिश दर्ज की गई। हिसार में सबसे अधिक वर्षा हुई, जबकि महेंद्रगढ़ के नारनौल में भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों में पानी घुस गया और सड़कों पर पानी भरने से वाहन तक डूबने लगे। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी घटनाएं सामने आईं, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ।
मानसून जल्द दे सकता है दस्तक
हालांकि आमतौर पर हरियाणा में मानसून की एंट्री 29 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मानसून 4 से 5 दिन पहले, यानी कि 24-25 जून के आसपास ही प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।