खन्ना | लुधियाना के कुख्यात गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ गैरी ललतों उर्फ रावण सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर बेदी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में गैरी की टांग में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान SHO बेदी भी घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
मुठभेड़ की यह कार्रवाई CIA स्टाफ और थाना सिटी-2 की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के मुताबिक गैरी, 15 जून को ग्रीनलैंड होटल के पास हुई गैंगवार में शामिल था। यह गैंगवार गैरी ललतों और सुखवीर भूची गैंग के बीच एक लड़की से दोस्ती को लेकर हुई थी। इस मामले में गैरी समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
हथियार बरामदगी के दौरान हमला
पुलिस पूछताछ में गैरी ने कबूल किया कि उसने एक पिस्तौल भट्ठियां इलाके में रेलवे लाइन के पास छिपा रखी है। पुलिस जब उसे हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर गई, तो गैरी ने अचानक झाड़ियों के बीच से पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। उसकी गोली एक पेड़ में लगी, जिसके बाद SHO तरविंदर बेदी ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गैरी की टांग में गोली मारी और उसे दबोच लिया गया।
SSP ने दी जानकारी
जिला पुलिस प्रमुख SSP डॉ. ज्योति यादव ने कहा कि गैरी ललतों एक बेहद खतरनाक अपराधी है और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर हमला करने के चलते गैरी पर आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले समेत कई धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गैरी से जुड़े अन्य गैंग के सदस्यों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।