नई दिल्ली | दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2006 को उड़ान के कुछ देर बाद तकनीकी समस्या के चलते वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा। यह घटना शुक्रवार को हुई जब विमान लेह की ओर जा रहा था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने स्थिति को समझते हुए दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
इस फ्लाइट में लगभग 180 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। पायलट की सूझबूझ के चलते विमान को बिना किसी नुकसान के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंडिगो ने बयान जारी करते हुए बताया कि तकनीकी कारणों से यह कदम एहतियातन उठाया गया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की आपात वापसी की सूचना मिलते ही हलचल मच गई। कुछ यात्रियों ने बताया कि उड़ान के दौरान हल्का कंपन महसूस हुआ था, जिसके बाद पायलट ने तकनीकी दिक्कत के बारे में जानकारी दी।
इस घटना को लेकर नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने जानकारी ली है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में किसी बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।