लुधियाना | लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 19 जून को होने वाले उपचुनाव के मद्देनज़र पंजाब सरकार ने क्षेत्र में अवकाश घोषित कर दिया है। इस दिन लुधियाना स्थित सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड/निगम और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्रदान करना है।
अधिसूचना के मुताबिक, यदि कोई सरकारी कर्मचारी पंजाब के किसी विभाग, बोर्ड, निगम या शैक्षणिक संस्था में कार्यरत है और उसका नाम लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में दर्ज है, तो वह अपना वोटर कार्ड दिखाकर मतदान के लिए विशेष अवकाश प्राप्त कर सकता है। यह अवकाश उसके छुट्टी खाते में से नहीं काटा जाएगा।
साथ ही, चुनाव दिवस पर क्षेत्र के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक इकाइयों और औद्योगिक संस्थानों में भी सवेतन अवकाश रहेगा, ताकि कर्मचारी आसानी से मतदान कर सकें।