चंडीगढ़ | स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के बीच पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने राज्यभर में कार्यरत 126 क्लर्कों को सीनियर असिस्टेंट के पद पर पदोन्नत कर दिया है। इस निर्णय से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है, साथ ही कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी दी कि इन पदोन्नतियों के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) के दफ्तरों में सीनियर असिस्टेंट के सभी खाली पद भरे जाएंगे। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग में प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपनी नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी, जिससे राज्य के शिक्षा तंत्र को मजबूती मिलेगी।