जालंधर | फिल्लौर कस्बे में नवांशहर रोड स्थित मना साहिब क्षेत्र में बुधवार को उस समय अजीबोगरीब नज़ारा देखने को मिला, जब एक व्यक्ति के 20 हजार रुपये सड़क पर गिर गए। जैसे ही लोगों की नजर 500-500 के नोटों पर पड़ी, वहां अफरातफरी मच गई और जिसने जितने नोट समेटे, लेकर चलता बना।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक व्यक्ति किसी वाहन में सफर कर रहा था और उसकी जेब से नकदी अनजाने में गिर गई। उसे इस बात की भनक भी नहीं लगी और वह वाहन समेत आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक पीली पगड़ी पहने व्यक्ति ने नोट बटोरने शुरू किए, उसके बाद एक महिला टेंपो से उतरकर नोट इकट्ठा करने लगी। दोनों मिलकर कुछ ही मिनटों में लगभग 20 हजार रुपये लेकर वहां से चले गए।
समाजसेवी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
हालांकि, इस भीड़ और अफरातफरी के बीच एक समाजसेवी ने इंसानियत का परिचय देते हुए सड़क से कुछ रकम इकट्ठा कर ली और उसमें से करीब 4,500 रुपये सुरक्षित रखे हैं। उन्होंने सार्वजनिक अपील की है कि अगर ये पैसे किसी के हैं तो वह उनसे संपर्क कर अपने रुपये प्राप्त कर सकते हैं।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नोट गिरने से लेकर लोगों द्वारा उन्हें उठाने तक की पूरी कार्रवाई कैद हो गई है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना जहां आम लोगों की लालच को उजागर करती है, वहीं समाजसेवी की ईमानदारी समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनी है।