जालंधर | हर साल 21 जून को भारत समेत दुनियाभर में मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की आज धूम रही। पंजाब के जालंधर जिले में भी योग दिवस को उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक संगठनों और संस्थाओं की ओर से योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
जालंधर में कंपनी बाग, पार्कों और सामुदायिक केंद्रों में आयोजित योग सत्रों में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भाग लेकर योग के लाभों को आत्मसात किया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया भी कंपनी बाग में आयोजित योग शिविर में शामिल हुए और खुद योग कर लोगों को इसके प्रति प्रेरित किया।
योग शिविर आयोजकों ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। शहर में योग दिवस को लेकर उत्साहजनक माहौल देखने को मिला और आयोजनों में महिलाओं व बच्चों की भी भागीदारी खास रही।