जालंधर | पंजाब के विभिन्न इलाकों में बीते कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही। चिलचिलाती धूप और चिपचिपी गर्मी के चलते लोग दिन के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं, जिससे सड़कों पर भीड़भाड़ कम नजर आ रही है।
इस बीच राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने 22 जून को पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। 23 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की उम्मीद जताई गई है, जिसमें जालंधर शहर भी शामिल है।
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजे आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अमृतसर में तापमान में सबसे ज्यादा 2.5 डिग्री की गिरावट देखी गई, जहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जालंधर में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री रहा। लुधियाना में यह 34.6 डिग्री, होशियारपुर में 33.5 डिग्री दर्ज किया गया।
पठानकोट में सबसे अधिक राहत देखने को मिली, जहां भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। अब जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश की बौछारों का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिल सके।