नई दिल्ली | ईरान-इज़राइल तनाव के बीच भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 1,117 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया जा चुका है। शनिवार देर रात मशहद से एक विशेष विमान 290 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इससे पहले उसी दिन शाम को एक और फ्लाइट 310 नागरिकों को लेकर राजधानी आई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि 21 जून की रात 11:30 बजे आई इस फ्लाइट के बाद से अब तक ऑपरेशन सिंधु के तहत कुल 1,117 भारतीयों को निकाला जा चुका है।
18 जून से जारी है ऑपरेशन
भारत सरकार ने 18 जून 2025 को ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत की थी। इसके पहले चरण में 110 मेडिकल छात्रों को तुर्कमेनिस्तान होते हुए भारत लाया गया था। इसके बाद 20 जून को दो और फ्लाइट्स से 407 नागरिक स्वदेश लौटे। शुक्रवार देर रात एक फ्लाइट में 117 नागरिक आए, और शनिवार को दो उड़ानों से 600 और नागरिकों की वापसी हुई।
छात्रों और यात्रियों की हुई वापसी
वापसी करने वालों में मेडिकल और इंजीनियरिंग के छात्र, धार्मिक तीर्थयात्री और अन्य कामकाजी नागरिक शामिल हैं। ये नागरिक दिल्ली, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और हरियाणा जैसे राज्यों से हैं।
सुरक्षा हालात बेहद चिंताजनक
ईरान से लौटे लोगों ने बताया कि वहां बिजली और इंटरनेट की बार-बार कटौती, मिसाइल हमलों की आवाजें और अनिश्चित माहौल के चलते हालात डरावने हो गए थे। इसी के चलते भारत सरकार ने आपात कदम उठाते हुए रेस्क्यू मिशन को अंजाम दिया।
MEA ने दी जानकारी
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “ऑपरेशन सिंधु ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक 1,117 भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं और बचाव कार्य जारी है।” सरकार लगातार ईरान में मौजूद नागरिकों के संपर्क में है और उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है।
सरकार का यह कदम न सिर्फ विदेश में रह रहे भारतीयों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि संकट की घड़ी में भारत अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है।