गुरुग्राम। इंडिगो एयरलाइंस के एक कर्मचारी ने कंपनी के तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर जातिगत उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि गुरुग्राम में एक मीटिंग के दौरान उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और सार्वजनिक रूप से उसका अपमान किया गया।
‘तू उड़ने के काबिल नहीं’, मीटिंग में की गई जातिसूचक टिप्पणी – पीड़ित
पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और कर्नाटक से संबंध रखते हैं। 28 अप्रैल को उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-24 स्थित एमार कैपिटल टावर-2 में एक आधिकारिक बैठक के लिए बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटिंग के दौरान कंपनी के कैप्टन राहुल पाटिल, तपस डे और मनीष साहनी ने उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मीटिंग में उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई और कहा गया कि “यू आर नॉट फिट टू फ्लाई, यू गो बैक एंड स्टिच द स्लीपर्स” (तू उड़ने के लायक नहीं है, वापस जाकर चप्पलें सिल)।
कर्नाटक में दर्ज हुई जीरो FIR, गुरुग्राम पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में पहले कर्नाटक पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की थी, जिसे अब स्थानांतरित कर DLF फेज-1 थाना, गुरुग्राम में विधिवत दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
कर्मचारी ने पहले भी जताई थी जातिगत भेदभाव की शिकायत
शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उनके साथ भेदभाव हुआ हो। उन्होंने दावा किया कि कार्यस्थल पर उन्हें पहले भी कई बार जातिगत टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है।