कैमूर | जिले की मोहनिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित मोहनिया चेकपोस्ट पर एक गाड़ी से 3,700 जिंदा कारतूसों की बड़ी खेप बरामद की गई है। इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी शत्रुघ्न शर्मा (38) और बिहार के नालंदा जिले के कुमार अभिजीत (25) के रूप में हुई है।
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, पीछा कर पकड़ा
दोनों आरोपी एक मारुति ब्रीजा कार में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। जब चेकपोस्ट पर उन्हें रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। एसटीएफ, कैमूर पुलिस और नालंदा पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 60 पैकेट में कुल 3,700 जिंदा कारतूस मिले।
एसपी हरि मोहन शुक्ला ने जानकारी दी कि जब्त कारतूसों में:
- 2,950 कारतूस 8mm के, जो 60 प्लास्टिक बैग में भरे थे
- 750 कारतूस .315 बोर के, चार पैकेट में रखे गए थे
कानपुर से बिहार शरीफ ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि यह अवैध कारतूस कानपुर (उत्तर प्रदेश) से नालंदा जिले के बिहार शरीफ भेजे जा रहे थे। आरोपियों के पास इस खेप से जुड़े किसी भी तरह के वैध दस्तावेज नहीं थे।
कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड अब तक नहीं मिला है, लेकिन कुमार अभिजीत के पिता की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बड़ी साजिश की आशंका, जांच जारी
पुलिस ने आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी शुक्ला ने बताया कि यह बरामदगी एसटीएफ और जिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप का संबंध किसी अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। जांच के दौरान और भी खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।