चंडीगढ़ | पंजाब में प्रचंड गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने आगामी 25 और 26 जून के लिए तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे प्रदेश में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को हल्की बारिश का येलो अलर्ट रहेगा, जबकि उसके बाद बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। इस बीच सोमवार को पंजाब के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
फरीदकोट सबसे गर्म
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को फरीदकोट में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा बठिंडा में 42.5, अमृतसर में 37.2 और जालंधर में 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जालंधर में यह तापमान रविवार की तुलना में करीब 6 डिग्री ज्यादा रहा।
सूरज और बादलों की आंख-मिचौली, शाम को हल्की बूंदाबांदी
दिनभर पंजाब के कई हिस्सों में तेज धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। वहीं, शाम होते-होते कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारें भी देखने को मिलीं, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली।
बारिश से मिल सकती है गर्मी से राहत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों में होने वाली बारिश से राज्य में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। खासकर खेतों और फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है।